उत्तर प्रदेश में 100 दिन में 30 रैलियाँ करेगी कांग्रेस
लखनऊ, 28 दिसंबर (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में आने वाले 100 दिनों में ‘‘संविधान संवाद’’ कार्यक्रम के माध्यम से वाराणसी, अयोध्या, मथुरा, प्रयागराज, गोरखपुर, चित्रकूट सहित पूरे प्रदेश में 30 रैलियों का आयोजन करेगी।
रैलियों के अलावा पार्टी भाजपा की कुनीतियों के खिलाफ चौपालें महापंचायतें और सम्मेलनों का भी आयोजन करेगी।
यह जानकारी कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने रविवार को पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि पार्टी की विचारधारा से प्रतिबद्ध कैडर को इस लड़ाई में मजबूत भूमिका का निवर्हन करने के लिए पूरे प्रदेश में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
श्री पाण्डेय ने कहा कि वर्ष 2026 के स्थानीय चुनाव, एमएलसी चुनाव कार्यकर्ताओं की मंशा का सम्मान रखते हुए पार्टी अपने दम पर चुनावी मैदान में उतरेगी और विधानसभा 2027 का चुनाव के दृष्टिकोण से कांग्रेस पार्टी प्रदेश की सभी सीटों पर अपनी चुनावी तैयारियों में डट चुकी है। कांग्रेस इंडिया गठबंधन के नेतृत्व में भाजपा से मुकाबला करने के लिए तैयार है।
अविनाश पाण्डेय ने कहा कि आज देश जिन चुनौतियों से गुजर रहा है वह हमारे लिए बेहद चिंता का विषय है। वर्तमान समय में देश का आम जनमानस महंगाई, बेरोजगारी, से जूझ रहा है, किसान बदहाल हो चुके हैं। भाजपा द्वारा देश में आपसी सौहार्द को बिगाड़ने का लगातर प्रयास किया जा रहा है। लोकतंत्र और संविधान को लगातार कमजोर करने का कुचक्र रचा जा रहा है।
श्री पाण्डेय ने एसआईआर के नाम नाम पर हो रही वोट चोरी को लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होनें कहा कि मतदाता सूची में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटा जा रहा है जो संदेह के घेरे में आता है। इससे आम नागरिक का मतदान का संवैधानिक अधिकार छीना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन