मिशन शक्ति फेज-3 : बालिकाओं को उनकी सुरक्षा के लिए किया गया जागरूक, दी गई हेल्पलाइन नम्बर की जानकारी
 

एसपी ग्रामीण अमित वर्मा के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में महिला बीट पुलिस अधिकारियों द्वारा अन्य पुलिसकर्मियों के साथ विभिन्न स्थानों पर बुधवार को चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

 

वाराणसी। एसपी ग्रामीण अमित वर्मा के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में महिला बीट पुलिस अधिकारियों द्वारा अन्य पुलिसकर्मियों के साथ विभिन्न स्थानों पर बुधवार को चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

जिसमें महिलाओं व बालिकाओं को “मिशन शक्ति फेज-3” के तहत सार्वजनिक स्थलों जैसे-चौराहे, बाजार, कॉलेज, कोचिंग संस्थान व अन्य सार्वजनिक स्थलों को असामाजिक तत्वों से मुक्त कराये जाने और राह चलते छेडखानी, अभद्रता, अश्लील प्रदर्शन तथा अभद्र टिप्पणियाँ इत्यादि की घटनाओं को रोकने के लिये जागरुक किया गया। 

साथ ही उन्हें को सुरक्षा संबंधित सेवाएँ जैसे यूपी-112 नम्बर/वूमेन पावर लाइन 1090 यूपी कॉप एप/181 महिला हेल्प लाइन 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन 102 स्वास्थ्य सेवा 108 एम्बुलेंस सेवा के बारे में जानकारी दी गई। 

इस दौरान उपस्थित महिलाओं व बालिकाओं को अवगत कराया गया कि सभी थानों में महिलाओं की सुरक्षा व सहायता के लिए एक महिला हेल्पडेस्क बनाया गया है, जहाँ पर महिला कर्मियों  द्वारा महिलाओं की शिकायत सुनी जाती है और समय से उनका निस्तारण किया जाता है। 

इसके साथ ही मौजूद महिलाओं व बालिकाओं को महिला सुरक्षा सम्बन्धी चलायी जा रही हेल्पलाइन नम्बरों के सम्बन्ध में पंपलेट वितरित करते हुए विस्तार से जानकारी देने के साथ ही उन्हें हेल्पलाइन नम्बर का बिना डरे उपयोग करने के लिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने व निर्भीक होकर अपने अपने क्षेत्र में कार्य करने शिक्षा ग्रहण करने के लिये प्रेरित किया गया। 

इसके साथ ही सोशल मीडिया पर अपनी प्राइवेसी रखते हुये उसका प्रयोग करने के लिये कहा गया। इसके अलावा  महिला बीट पुलिस अधिकारी द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की समस्याओं को सुना गया।

इसी क्रम में कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं/बालिकाओ को जनपद में गठित “एंटी रोमियों  स्क्वायड” टीम के बारे में अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि सादे वस्त्रों में तथा प्राइवेट वाहनों से सार्वजनिक स्थलों यथा- स्कूल, कालेज व कोचिंग संस्थान के आसपास व ऐसे स्थान जहाँ पर महिलाओं एवं बालिकाओं का अधिकतर आवागमन होता है उनको भौतिक रुप से चिन्हित कर मनचलों के द्वारा आपत्तिजनक हरकतों को रोकने के उद्देश्य से सघन चेकिंग कर लोगों से पूछताछ की जाती है और अनावश्यक रूप से मौजूद मनचलों को हिदायत दी जाती है।