‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत तीन गैंगस्टर गिरफ्तार
हरिद्वार, 17 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए हरिद्वार पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में गैंग लीडर भूरा उर्फ बबलू भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पथरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। इस आधार पर पुलिस टीम ने रोह नदी के पुल पर संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर तीनों आरोपित भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि तीनों एक सक्रिय आपराधिक गैंग से जुड़े हैं, जिसमें भूरा उर्फ बबलू सरगना की भूमिका में है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2025 में भी उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भूरा उर्फ बबलू पुत्र बाबू, इकलाख पुत्र निसार और राशिद पुत्र नाजिर निवासी इब्राहिमपुर, पथरी (हरिद्वार) के रूप में हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला