हिंदी आपसी समन्वय बनाने व सोचने-समझने की सबसे सशक्त भाषा

 


नई टिहरी, 02 सितंबर (हि.स.)।टीएचडीसी इंडिया लि. की टिहरी और कोटेश्वर इकाई में हिन्दी पखवाड़े का शुभारंभ हो गया। 28 सितम्बर तक संचालित होने वाले पखवाड़े में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वक्ताओं ने कहा कि हिंदी आपसी समन्वय बनाने व सोचने-समझने की सबसे सशक्त भाषा है।

बुधवार को भागीरथीपुरम में हिंदी पखवाड़े का टीएचडीसी के मुख्य महाप्रबंधक (टिहरी कॉम्प्लेक्स) आरआर सेमवाल ने शुभारंभ किया। सेमवाल ने कहा कि हिंदी पखवाड़े का उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक एवं सहज प्रयोग को प्रोत्साहित करना हैं साथ ही हिंदी के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाना व अधिकारियों-कर्मचारियों को अपनी भाषाई एवं रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करना है।

कहा कि कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कहा हिंदी का प्रयोग जितना सहज और व्यापक होगा, राजभाषा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता उतनी ही मजबूत होगी। पखवाड़े के अंतर्गत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सुलेख, टंकण, निबंध, नोटिंग-ड्राफ्टिंग, अनुवाद, वाद-विवाद एवं हिंदी आशुभाषण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर जीएम एसके साहू, एजीएम एपी बाजपेई, संजय महर, विपिन सकलानी, बीडी सेमवाल, डीजीएम मोहन सिंह श्रीस्वाल, सहायक प्रबंधक बानी शुक्ला, नीरज सिंह मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी