हिंडोलाखाल, दर्शन महाविद्यालय, गुरुकुलम् व नरेंद्र महिला विद्यालय रहे अव्वल
नई टिहरी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् हरिद्वार की ओर से आयोजित दो दिवसीय जनपद स्तरीय संस्कृत स्पर्धा में छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज हिंडोलाखाल, दर्शन महाविद्यालय, पतंजलि गुरुकुलम् मूल्याग्राम और नरेंद्र महिला इंटर कॉलेज ने राज्य स्तरीय संस्कृत स्पर्धा के लिए स्थान बनाया। चयनित प्रतिभागी 23 और 24 अक्टूबर को हरिद्वार में होने वाली राज्यस्तरीय संस्कृत स्पर्धा में प्रतिभाग करेंगे।
पतंजलि गुरुकुलम् मूल्याग्राम देवप्रयाग में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न स्पर्धाओं का स्थानीय विधायक विनोद कंडारी, ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट, सहायक निदेशक संस्कृत शिक्षा पूर्णानंद भट्ट ने प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार राशि भेंटकर समापन किया। प्रतियोगिता के जिला संयोजक शैलेंद्र दत्त डोभाल, सहसंयोजक डॉ.चंद्रशेखर नौटियाल ने बताया कि नाटक, समूहगान, संस्कृत समूह नृत्य, वाद-विवाद, आशुभाषण और श्लोकोच्चारण सहित छह स्पर्धाओं में 9 ब्लॉक से 900 से अधिक प्रतिभाग शामिल हुए। नाटक के वरिष्ठ, कनिष्ठ वर्ग में दर्शन महाविद्यालय मुनिकीरेती, समूहगान के वरिष्ठ वर्ग में पतंजलि गुरुकुलम, कनिष्ठ वर्ग जीआईसी हिंडोलाखाल, संस्कृत समूह नृत्य वरिष्ठ वर्ग में नरेंद्र महिला इंटर कॉलेज बीपुरम, कनिष्ठ वर्ग में पतंजलि गुरुकुलम्, वाद-विवाद के कनिष्ठ वर्ग में दर्शन महाविद्यालय के देवेश, अंशुल, वरिष्ठ वर्ग में पतंजलि गुरुकुलम् की जाह्नवी, प्रिया, आशुभाषण में दर्शन महाविद्यालय के अक्षित बहुगुणा ने वरिष्ठ, केशव ने कनिष्ठ वर्ग, श्लोकोच्चारण में दर्शन महाविद्यालय के कृष्णा उनियाल ने कनिष्ठ वर्ग और पतंजलि गुरुकुलम् की संध्या ने वरिष्ठ वर्ग में क्रमशः प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर डॉ. ब्रह्मानंद मिश्र, डॉ. बालकृष्ण बधानी, डॉ. कपिल पंवार, ऊषा मेहरा मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी