हल्द्वानी में खड़गे की सभा के बाद शुद्धिकरण करने के आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग

 


पौड़ी गढ़वाल, 01 सितंबर (हि.स.)। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित तौर पर यज्ञ और गंगाजल छिड़ककर मैदान का ‘शुद्धिकरण’ किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी पौड़ी ने इसे अनुसूचित जाति के व्यक्ति और संविधान में निहित समानता के अधिकार का अपमान बताते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनोद सिंह नेगी की ओर से पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से आयोजित जनसभा में मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हुए थे। आरोप है कि जनसभा के दो दिन बाद 10 अगस्त को गिरीश चंद्र पांडेय, राम धर्मार्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष और 15 अन्य अज्ञात लोगों ने कथित रूप से यज्ञ-गंगाजल छिड़ककर मैदान का ‘शुद्धिकरण’ किया।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस तरह की कार्रवाई से अनुसूचित जाति के लोगों को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने और समाज में भेदभाव की भावना को बढ़ावा देने का संदेश गया है।

कांग्रेस ने भाजपा नेताओं के बयानों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इस मामले में भाजपा का रवैया भी गंभीर सवाल खड़े करता है। शिकायत में कहा गया है कि यदि इस घटना को पार्टी या संबंधित लोगों की ओर से उचित ठहराया जाता है तो यह सामाजिक समानता और संविधान की मूल भावना के लिए चिंताजनक है।

पुलिस पर भी उठाए सवाल

जिला कांग्रेस कमेटी ने शिकायत में थाना प्रभारी हल्द्वानी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि एससी/एसटी एक्ट के तहत दंडनीय अपराध की शिकायत के बावजूद तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई।

पार्टी ने पुलिस से मांग की है कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाय। इस मौके पर पर तामेश्वर आर्य, अनिल कुमार, अनूप सिंह, राकेश मंद्रवाल, भरत रावत, कमला नेगी, मंजू देवी, शशि आवेद, देवेंद्र सिंह, यशोदा नेगी,जगमोहन रौथाण, यदुवीर सिंह, बबलू आदि शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह