हरिद्वार में ईएसआई अस्पताल के लिए 15 एकड़ जमीन आवंटित, एमबीबीएस इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ा
देहरादून, 11 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को हरिद्वार में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआई) अस्पताल के निर्माण के लिए 15 एकड़ भूमि आवंटित करने और राज्य के पांच राजकीय मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस इंटर्न का मासिक स्टाइपेंड 17 हजार रुपये से बढ़ाकर न्यूनतम 25 हजार रुपये करने सहित विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में खेल नीति के तहत पदक विजेता खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में 243 पदों पर आउट ऑफ टर्न नियुक्ति देने और माध्यमिक शिक्षा विभाग में 33 अपर सहायक अध्यापक व्यायाम के पद सृजित करने को भी मंजूरी दी गई। बैठक के बाद अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने फैसलों की जानकारी दी।
मंत्रिमंडल में कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग की संरचना में सुधारात्मक विंग के लिए अपर महानिरीक्षक कारागार का एक नवसृजित पद संवर्गीय ढांचे में शामिल करने के लिए उत्तराखंड कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग समूह ‘क’ एवं ‘ख’ सेवा नियमावली, 2026 में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
मंत्रिमंडल ने उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालय नैनीताल और राज्य के अधीनस्थ न्यायालयों में आबद्ध शासकीय अधिवक्ताओं की फीस दरों के पुनर्निर्धारण को भी मंजूरी दी। फीस वृद्धि का प्रस्ताव मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली सात सदस्यीय समीक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर रखा गया था।
विधिक माप विज्ञान के क्षेत्र में लाइसेंसिंग प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए उत्तराखंड विधिक माप विज्ञान (प्रवर्तन) नियमावली, 2012 में संशोधन करते हुए 2026 की संशोधन नियमावली के प्रख्यापन को मंजूरी दी गई। यह केंद्र सरकार के इज ऑफ डूइंग बिजनेस और नियामकीय सुधार कार्यक्रम के तहत किया गया है।
राज्य के पांच राजकीय मेडिकल कॉलेजों में अध्ययनरत एमबीबीएस इंटर्न को अब न्यूनतम 25 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा। वर्तमान में उन्हें 17 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। कैबिनेट ने स्टाइपेंड बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की।
खेल नीति, 2021 के तहत अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सेवायोजन देने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक व्यायाम के 1898 सृजित पदों में से 33 पद समर्पित कर लेवल-6 के 33 अपर सहायक अध्यापक व्यायाम पद सृजित करने को मंजूरी दी गई।
इसके साथ ही खेल नीति के तहत खेल, युवा कल्याण, गृह, परिवहन, शिक्षा और वन विभागों में कुल 243 पदों पर पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति दिए जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
देहरादून के पुरुकुल गांव से मसूरी के लाइब्रेरी चौक तक प्रस्तावित रोपवे परियोजना के अपर टर्मिनल और पार्किंग निर्माण के लिए पर्यटन विभाग को प्राप्त भूमि में से मसूरी की गढ़वाल सभा को पूर्व में लीज पर दी गई भूमि के बराबर 972 वर्ग मीटर भूमि लीज पर देने की अनुमति दी गई। यह भूमि गढ़वाल मंडल विकास निगम की पार्किंग के लिए क्रय की गई भूमि में से दी जाएगी।
कैबिनेट ने हरिद्वार में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआई) अस्पताल के समीप चिन्हित 15 एकड़ भूमि ईएसआई के निर्माण के लिए आवंटित करने का निर्णय भी लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय