हरिद्वार : घर से नाराज होकर निकला किशोर, नहर में मिला शव
हरिद्वार, 01 मई (हि.स.)। कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र से एक 15 वर्षीय किशोर का शव नहर में मिला। मृतक की पहचान मोहल्ला कोटरवान निवासी फराज (पुत्र फरमान) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती 27 अप्रैल की रात किसी बात को लेकर फराज की अपने परिजनों से कहासुनी हो गई थी। इससे नाराज होकर वह घर से निकल गया था और फिर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की,लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। जब काफी खोजबीन के बाद भी किशोर का पता नहीं चला, तो परिजनों ने ज्वालापुर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान किशोर आखिरी बार बाल्मीकि बस्ती की ओर जाता हुआ दिखाई दिया, लेकिन इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब पथरी पावर हाउस के पास नहर में उक्त किशोर का शव मिलने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर इसे घर से नाराज होकर निकलने के बाद हुई घटना माना जा रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला