हरप्रीत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया यूओयू का मान
हल्द्वानी , 12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के पर्यटन, आतिथ्य एवं होटल प्रबंधन विद्याशाखा के मास्टर ऑफ टूरिज्म एवं ट्रैवल मैनेजमेंट (एमटीटीएम) कार्यक्रम के छात्र हरप्रीत सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर विश्वविद्यालय एवं उत्तराखंड का नाम रोशन किया।
दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस में 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित ग्लोबल सस्टेनेबिलिटी अवॉर्ड्स 2026 (दिल्ली चैप्टर) में हरप्रीत सिंह की अभिनव परियोजना ‘स्लो ट्रैवल मॉड्यूल फॉर उत्तराखंड (इकोरूट्स)’ को कॉलेज विद्यार्थी श्रेणी में सतत विकास लक्ष्य-11 (एसडीजी-11) के अंतर्गत उपविजेता (रनर-अप) स्थान प्राप्त हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस आयोजन में 55 से अधिक देशों से प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं।
हरप्रीत सिंह द्वारा प्रस्तुत यह परियोजना उत्तराखंड में सतत एवं जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका प्रमुख उद्देश्य झीलों की नगरी नैनीताल एवं पहाड़ों की रानी मसूरी जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों के अत्यधिक दबाव को कम करना, पर्यटकों को ग्रामीण एवं कम प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों की ओर आकर्षित करना तथा स्थानीय होमस्टे व्यवसाय को प्रोत्साहित करना है।
परियोजना के अंतर्गत एक डिजिटल ‘ग्रीन पॉइंट्स’ प्रणाली प्रस्तावित की गई है, जिसके माध्यम से पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा सकेगा। इस प्रणाली में पर्यटकों को स्थानीय होमस्टे में ठहरने, एकल-उपयोग प्लास्टिक से परहेज करने तथा साझा एवं इलेक्ट्रिक परिवहन अपनाने पर डिजिटल अंक प्रदान करने की परिकल्पना की गई है। इन अंकों का उपयोग स्थानीय हस्तशिल्प उत्पादों, जैविक कृषि उत्पादों तथा भविष्य की पर्यटन सेवाओं में छूट प्राप्त करने के लिए किया जा सकेगा।
हरप्रीत सिंह के अनुसार, इस परियोजना का लक्ष्य पर्यटन गतिविधियों से उत्पन्न कार्बन फुटप्रिंट में 30 प्रतिशत तक की कमी लाना है। इसके अतिरिक्त, यह मॉडल ग्रामीण समुदायों की आजीविका को सुदृढ़ करने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने पर केंद्रित है। यह परियोजना प्रदेश में सतत पर्यटन विकास एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में उपयोगी साबित हो सकती है।
इस उपलब्धि पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी, पर्यटन, आतिथ्य एवं होटल प्रबंधन विद्याशाखा के निदेशक प्रो. एम.एम. जोशी तथा कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अखिलेश सिंह ने छात्र हरप्रीत सिंह को दूरभाष एवं ईमेल के माध्यम से बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता