हर घर लहराएगा तिरंगा, 9 से 17 अगस्त तक चलेगा राष्ट्रभक्ति का महाअभियान

 


पौड़ी गढ़वाल, 07 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस बार पौड़ी जिले में हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाया जाएगा। 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले अभियान के तहत जिलेभर में तिरंगा यात्राओं, प्रभात फेरियों, खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन होगा। अभियान को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने अधिकारियों को व्यापक तैयारियां पूरी करने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए।

शुक्रवार को विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में सीडीओ ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय उत्सव है। इसका उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना विकसित करना है। उन्होंने शिक्षा, युवा कल्याण और खेल विभाग को विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य संस्थानों में निबंध, चित्रकला, रंगोली और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रभात फेरियों, देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया।

सीडीओ ने जनपद के सभी शासकीय एवं अर्द्धशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक भवनों और घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तिरंगे की गरिमा और प्रतिष्ठा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इसके लिए भारतीय ध्वज संहिता का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने और आमजन को तिरंगे के सही उपयोग के प्रति जागरूक करने को कहा गया। अभियान के दौरान वंदे मातरम, राष्ट्रगान, देशभक्ति गीतों और तिरंगा थीम पर आधारित सांस्कृतिक एवं संगीत कार्यक्रम भी होंगे। सोशल मीडिया समेत विभिन्न प्रचार माध्यमों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सार्वजनिक स्थलों और विद्यालयों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्रभक्ति से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, पीएम स्वजल दीपक रावत, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी खंड विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह