हत्या के प्रयास में फरार दो आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 02 मार्च (हि.स.)। हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों आरोपित लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे।
मामला 20 फरवरी का है, जब नरोजपुर निवासी इमरान ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विपक्षीगणों ने उसके भाई पर जान से मारने की नीयत से हमला किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
आखिरकार पुलिस टीम ने फरार चल रहे दोनों आरोपितों मुज्जमिल और सुल्तान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपित घटना के बाद से फरार चल रहे थे और लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला