स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर, संस्थागत प्रसव शत-प्रतिशत करने के निर्देश
नैनीताल, 22 अप्रैल (हि.स.)। जनपद मुख्यालय नैनीताल में बुधवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.एचसी पंत को जिले में संस्थागत प्रसव शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने, प्रसव केंद्रों की संख्या बढ़ाने और प्रशिक्षित नर्सिंग अधिकारियों की तैनाती करने के निर्देश दिए। गर्भवती महिलाओं की पंजीकरण से लेकर प्रसव तक सतत निगरानी, स्वास्थ्य शिक्षा एवं प्रत्येक मामले का बर्थ प्लान तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने लिंगानुपात पर चिंता व्यक्त करते हुए पीसीपीएनडीटी अधिनियम के अंतर्गत अल्ट्रासाउंड केंद्रों की सघन निगरानी एवं छापेमारी के निर्देश दिए। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत चालानी कार्रवाई बढ़ाने तथा नियमित समीक्षा करने को कहा गया। आगामी 7 मई को आयोजित कृमि मुक्ति दिवस के सफल संचालन हेतु आंगनबाड़ी एवं विद्यालयों में दवा वितरण की निगरानी और निजी विद्यालयों को भी शामिल करने के निर्देश दिए गए।
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनपद के उच्च जोखिम ग्रामों में एक्स-रे जांच बढ़ाने तथा जनजागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया गया। बैठक में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ.तरुण कुमार टमटा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.श्वेता भंडारी, डॉ.संजीव खर्कवाल, डॉ.चंद्र पंत, डॉ.राजेश ढकरियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी