स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रशासन ने तैयार की कार्य योजना
देहरादून, 29 मार्च (हि.स.)। जिले में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और सुविधा-संपन्न बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में जिले के शहरी क्षेत्रों से लेकर दुर्गम त्यूनी तक विभिन्न चिकित्सालयों में 34 आउटसोर्स कार्मिकों की तैनाती की गई है।
प्रशासन के अनुसार, जिला चिकित्सालय, उप जिला चिकित्सालय मसूरी एवं ऋषिकेश, मॉडल टीकाकरण केंद्र, एसएनसीयू, शव विच्छेदन गृह, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूनी तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चकराता में लैब तकनीशियन, कक्ष सेविका, वाहन चालक, पर्यावरण मित्र और अन्य सहायक स्टाॅफ की नियुक्ति की गई है। इन कार्मिकों के वेतन की स्वीकृति जिला योजना से प्रदान की गई है।
जिलाधिकारी द्वारा किए गए स्थलीय निरीक्षण में चिकित्सालयों में मानव संसाधन की कमी सामने आने के बाद यह निर्णय लिया गया। इसके तहत जिला चिकित्सालय के मॉडल टीकाकरण केंद्र में 7 कार्मिक, उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश में 13, मसूरी में 7, एसएनसीयू में 2, शव विच्छेदन गृह में 1, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूनी में 2 तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चकराता में 2 कार्मिकों की तैनाती की गई है।
जिला प्रशासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भी व्यापक कार्य योजना तैयार की है, जिसके अंतर्गत आवश्यकतानुसार कार्मिकों की सेवाओं का विस्तार मार्च 2027 तक स्वीकृत किया गया है। आउटसोर्स एजेंसियों जैसे उपनल एवं पीआरडी के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों को भी सेवा विस्तार प्रदान किया गया है।
जिलाधिकारी ने रविवार काे संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी चिकित्सालयों में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए व आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल