स्वतंत्रता दिवस से पहले तिरंगा यात्रा ने जगाया राष्ट्रप्रेम

 




चंपावत, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को लोहाघाट नगर में भाजपा द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं, भूतपूर्व सैनिकों, व्यापार संघ के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए प्रतिभागियों ने नगरवासियों को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा सरस्वती शिशु मंदिर से शुरू होकर शीतला माता मंदिर, कालू सिंह चौराहा, स्टेशन बाजार और खड़ी बाजार होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से पूरा नगर गूंज उठा। मार्ग में कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। विद्यार्थियों और पूर्व सैनिकों की बड़ी भागीदारी यात्रा का प्रमुख आकर्षण रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगोली ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह इसके सम्मान और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखे। भाजपा मंडल अध्यक्ष गिरीश कुँवर ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से जोड़ने का माध्यम बन रहा है।

नगर मंडल अध्यक्ष निर्मला ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने दायित्वों को याद करने का भी पर्व है। वहीं भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा ने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन समाज में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और देशभक्ति की भावना को सशक्त बनाने का कार्य करते हैं।

रामलीला मैदान में यात्रा के समापन पर राष्ट्रगान और देशभक्ति गीतों का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता से आयोजित इस भव्य तिरंगा यात्रा ने पूरे नगर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया और स्वतंत्रता दिवस से पूर्व देशभक्ति का उत्साह चरम पर दिखाई दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी