स्मैक के साथ ऋषिकेश का एक गिरफ्तार
नई टिहरी, 07 नवंबर (हि.स.)। कीर्तिनगर पुलिस एवं एएनटीएफ (एंटी नॉराकोटिक्स टास्क फोर्स) की संयुक्त टीम ने सफलता हासिल करते हुए पहाड़ों में नशे का जहर फैलाने वाले एक नशा तस्कर को 9.59 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है। एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि टिहरी पुलिस ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार नशे के विरूद्ध कार्यवाही कर रही है।
शनिवार को कर्तिनगर कोतवाली पुलिस ने मलेथा के पास चेकिंग के दौरान प्रदीप (35) निवासी मकान संख्या 126 आदर्श ग्राम कुम्हारबाड़ा ऋषिकेश जनपद देहरादून को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित को कोर्ट पेश करने की कार्रवाई चल रही है। पुलिस टीम में एसआई कमल कुमार, एएनटीएफ के एसआई आशीष शर्मा, हेड कांस्टेबल प्रदीप, विपुल कुमार, रविंद्र शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी