स्थायी लोक अदालत के नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन, आमजन को मिलेगा त्वरित न्याय

 

पौड़ी गढ़वाल, 16 अगस्त (हि.स.)। जनपद मुख्यालय पौड़ी में बीजीआर परिसर के समीप स्थायी लोक अदालत के नवनिर्मित कार्यालय का रविवार को जिला जज एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी धर्म सिंह ने उद्घाटन किया। इस दौरान स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली और आमजन को उपलब्ध कराई जाने वाली न्यायिक सुविधाओं की जानकारी दी गई।

उद्घाटन अवसर पर जिला जज धर्म सिंह ने कहा कि स्थायी लोक अदालत का उद्देश्य आमजन को सरल, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है। सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े विवादों के समाधान में यह व्यवस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि लोगों को अपने छोटे-बड़े विवादों के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से लंबी और जटिल न्यायिक प्रक्रिया से न गुजरना पड़े। उन्होंने कहा कि स्थायी लोक अदालत के माध्यम से सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से संबंधित मामलों का सरल एवं शीघ्र निस्तारण किया जाता है। इससे आम नागरिकों, विशेषकर जरूरतमंद और सामान्य वर्ग के लोगों को न्याय प्राप्त करने में होने वाली कठिनाइयों को कम करने में मदद मिलेगी।

स्थायी लोक अदालत आमजन के लिए ऐसा मंच है, जहां सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े विवादों के समाधान का प्रयास सरल प्रक्रिया के माध्यम से किया जाता है। इससे लोगों को समय और संसाधनों की बचत के साथ विवादों के शीघ्र समाधान का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शहज़ाद ए. वाहिद, सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नाज़िश कलीम, सिविल जज अमित भट्ट, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कमल प्रसाद बमराणा, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल महेश बलूनी, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल विनोद कुमार, पीएलवी जगमोहन डांगी सहित स्थायी लोक अदालत के सदस्य, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह