स्कूल से अनुपस्थित शिक्षक निलंबित, सोशल मीडिया वीडियो पर कार्रवाई

 




देहरादून, 08 अप्रैल (हि.स.)। देहरादून जनपद के चकराता विकासखंड अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय डिरनाड़ में तैनात सहायक अध्यापक हरपाल सिंह को बिना अनुमति अनुपस्थित रहने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और स्थानीय शिकायतों के आधार पर की गई प्रारंभिक जांच के बाद की गई।

उप शिक्षा अधिकारी, चकराता की जांच में शिक्षक 06 और 07 अप्रैल को बिना अवकाश स्वीकृत कराए विद्यालय से अनुपस्थित पाए गए। साथ ही, उपस्थिति पंजिका में पूर्व में हस्ताक्षर दर्ज कर विद्यालय से अनुपस्थित रहने का मामला भी सामने आया। स्पष्टीकरण संतोषजनक न पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) ने निलंबन की कार्रवाई करते हुए उन्हें बीईओ कार्यालय चकराता से संबद्ध कर दिया है।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए थे। विभाग ने मामले की विस्तृत जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी चकराता को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए 30 दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। निलंबन अवधि में संबंधित शिक्षक को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभाग में अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी जनपदों के अधिकारियों को विद्यालयों में नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय