स्कूल का खेल मैदान बना शादी समारोह का केंद्र, छात्र खेल गतिविधियों से वंचित
पौड़ी गढ़वाल, 26 अप्रैल (हि.स.)। लोअर चोपड़ा क्षेत्र स्थित मेसमौर इंटर कॉलेज का खेल मैदान इन दिनों शादी समारोहों और निजी आयोजनों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे विद्यालय के छात्र-छात्राओं की खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। इस स्थिति को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में गहरी चिंता देखने को मिल रही है।
अभिभावकों का कहना है कि जिस मैदान का उपयोग बच्चों के शारीरिक विकास, खेल अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए होना चाहिए, वह अब निजी कार्यक्रमों का स्थल बन गया है। लगातार आयोजित हो रहे शादी समारोहों के कारण छात्रों को नियमित रूप से खेल अभ्यास का अवसर नहीं मिल पा रहा, जिससे उनकी दिनचर्या और खेल प्रदर्शन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
इस संबंध में मेसमौर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि मैदान विद्यालय की संपत्ति है, लेकिन इसे लीज पर एक व्यक्ति को दिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा और छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं, अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय के खेल मैदान का उपयोग केवल शैक्षणिक और खेल गतिविधियों तक ही सीमित रखा जाए, ताकि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में कोई बाधा न आए।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह