सैनी समाज भेल ने उल्लास के साथ मनाया वार्षिक उत्सव

 


हरिद्वार, 06 अप्रैल (हि.स.)। सैनी समाज भेल रानीपुर, हरिद्वार द्वारा 46वें वार्षिक उत्सव कार्यक्रम का दिव्य एवं भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री सुनील सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाज के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री सुनील सैनी ने सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि हरिद्वार का सैनी समाज सशक्त और समृद्ध समाज है, जो सामाजिक सेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। समाज के बच्चे विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और विशेष रूप से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने भेल रानीपुर सैनी समाज के अध्यक्ष राजीव सैनी, उपाध्यक्ष मनोज सैनी, सचिव योगेश कुमार सैनी, सह सचिव अनूप सैनी, कोषाध्यक्ष कमल सैनी, डॉ. महिपाल सैनी, प्रसिद्ध कवि किसले सैनी, विनय सैनी, अंशु कुमार, विनीत सैनी सहित सभी पदाधिकारियों को आयोजन के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्ष में यह कार्यक्रम और भी भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा और सैनी समाज की एकता को और मजबूत किया जाएगा।

राज्य मंत्री सुनील सैनी ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे सामाजिक सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें और सेवा ही परम धर्म है के सिद्धांत को अपनाकर समाज और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दें। वार्षिक उत्सव के अवसर पर उन्होंने महात्मा ज्योतिबा फुले और माता सावित्रीबाई फुले को भी श्रद्धापूर्वक याद करते हुए कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने समाज में बदलाव और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए।

इस अवसर पर सुनील सैनी ने समाज के सभी संस्थापकों को भी स्मरण करते हुए उन्हें सादर नमन किया और कहा कि समाज के वरिष्ठ जनों से प्रेरणा लेकर ही हम निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ते रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला