सेवा एवं जनकल्याण शिविर, 317 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
ज्योतिर्मठ, 10 जुलाई (हि.स.)। 'सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह' के अंतर्गत शुक्रवार को विकासखंड ज्योतिर्मठ की ग्राम पंचायत सेलंग में बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवश्यक सेवाएं तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया। साथ ही ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका त्वरित समाधान भी किया गया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों को कुल 37 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 25 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रमाण-पत्रों से संबंधित 81 आवेदन पत्र भी प्राप्त हुए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 317 लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी एवं आवश्यक सेवाएं प्रदान की गईं। कृषि विभाग ने 5 कृषकों, उद्यान विभाग ने 8 लाभार्थियों, समाज कल्याण विभाग ने 25 पात्र व्यक्तियों का पेंशन सत्यापन करते हुए योजनाओं की जानकारी दी। बाल विकास विभाग ने 15 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की, जबकि पशुपालन विभाग ने 4 पशुपालकों को पशु औषधियां उपलब्ध कराईं।
चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने 45 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया। होम्योपैथिक विभाग ने 76 तथा आयुर्वेदिक विभाग ने 26 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर औषधियां उपलब्ध कराईं। सैनिक कल्याण विभाग ने 8 लाभार्थियों को जानकारी दी।
ग्रामीण विकास विभाग ने 39 श्रमिकों की ई-केवाईसी कराई तथा मनरेगा के अंतर्गत लगभग 9.50 लाख रुपये का भुगतान किया। आधार सेवा शिविर के माध्यम से 15 लोगों को आधार संबंधी सेवाएं प्रदान की गईं। श्रम विभाग ने 3, जल संस्थान ने 8, पंचायती राज विभाग ने 17, यूपीसीएल ने 10, शिक्षा विभाग ने 6 तथा कोषागार विभाग ने 7 लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई।
एसडीएम चन्द्र शेखर बशिष्ठ की अध्यक्षता एवं खण्ड विकास अधिकारी मोहन जोशी के संचालन मे आयोजित हुए शिविर शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष दोलत सिंह बिष्ट बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, किशोर पंवार, पूर्व उपाध्यक्ष (बीकेटीसी), सुचिता चौहान पूर्व ब्लॉक प्रमुख ज्योतिर्मठ, वर्षा देवी क्षेत्र पंचायत सदस्य सेलंग, रोशनी देवी ग्राम प्रधान सेलंग, मिथिलेश सिंह, ग्राम प्रधान भंग्यूल, मीना चौहान ग्राम प्रधान लामबगड़, श्रीमती मीरा पंवार ग्राम प्रधान थैंग, व रीना देवी ग्राम प्रधान डुंग्रा आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण