सूचना संवाद और समाधान उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के जन संवाद कार्यक्रम के दूसरे चरण का आयोजन

 


हल्द्वानी , 18 सितंबर (हि.स.)। शिक्षार्थियों एवं विभिन्न हितधारकों के साथ पारदर्शी, विश्वसनीय और सहभागी संवाद को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा ‘जन संवाद कार्यक्रम भाग-2’ के दूसरे चरण का आयोजन 18 सितम्बर 2026 को ऑनलाइन माध्यम से किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन ज़ूम के माध्यम से हुआ तथा इसे विश्वविद्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया मंचों फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं यूट्यूब पर @UOULive के माध्यम से लाइव प्रसारित किया गया। विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफ.एम.’ ने भी कार्यक्रम के संचालन एवं प्रसारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सूचना संवाद और समाधान’ की मूल अवधारणा पर आधारित इस कार्यक्रम की थीम ‘शिक्षा, अवसर और विश्वास: मिलकर करें उत्कृष्ट विश्वविद्यालय का निर्माण’ रही। इसका उद्देश्य विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध सेवाओं से शिक्षार्थियों को अवगत कराने के साथ-साथ उनकी समस्याओं, जिज्ञासाओं और सुझावों को सीधे विश्वविद्यालय के संबंधित अधिकारियों एवं विशेषज्ञों तक पहुंचाना था। जन संवाद कार्यक्रम को तीन चरणों की श्रृंखला के रूप में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है, जिसका दूसरा चरण आज सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारम्भ कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहानी के अध्यक्षीय उद्बोधन से हुआ। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि जन संवाद कार्यक्रम का यह चरण भी पूर्व चरण की भांति शिक्षार्थियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने शिक्षार्थियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं को समझकर समाधान उपलब्ध कराने के लिए ऐसे मंचों के महत्व को रेखांकित किया।

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों एवं अनुभागों की कार्यप्रणाली, सेवाओं तथा शिक्षार्थियों के लिए उपयोगी व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित प्रतिनिधियों द्वारा दी गई। अनुसंधान निदेशालय की ओर से प्रो. गिरिजा प्रसाद पाण्डे, अध्ययन सामग्री निर्माण एवं वितरण एवं अकादमिक निदेशालय की ओर से प्रो. पी.डी. पंत, परीक्षा अनुभाग से प्रो. सोमेश कुमार, प्रवेश अनुभाग से डॉ. सुमित प्रसाद, शोध अनुभाग से प्रो. मंजरी अग्रवाल, प्लेसमेंट सेल से डॉ. अखिलेश सिंह तथा पत्रकारिता एवं मीडिया अध्ययन विद्याशाखा से प्रो. राकेश चन्द्र रयाल ने अपने-अपने विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। प्रतिनिधियों ने विभागीय प्रक्रियाओं, उपलब्ध सुविधाओं और शिक्षार्थियों के लिए उपयोगी सेवाओं को सरल एवं स्पष्ट तरीके से समझाया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण जन संवाद एवं प्रश्नोत्तर सत्र रहा। इसका संचालन विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी’ से श्री अनिल नैलवाल एवं श्रीमती सोनू भट्ट ने किया। इस दौरान शिक्षार्थियों की ओर से प्राप्त 30 से अधिक प्रश्नों को विशेषज्ञ पैनल के समक्ष रखा गया। प्रश्न विभिन्न व्यावहारिक एवं शैक्षणिक विषयों से संबंधित थे, जिनमें प्रवेश प्रक्रिया, अध्ययन केंद्रों पर उपलब्ध पाठ्यक्रम एवं सुविधाएँ, पाठ्यक्रम सामग्री और पुस्तकों का वितरण, विद्यार्थी संबंधी जानकारी में संशोधन, डी.ई.बी. आई.डी., परीक्षा शहर में परिवर्तन, शुल्क वापसी एवं लेन-देन संबंधी समस्याएं, प्लेसमेंट सेल तथा छात्रवृत्ति आदि प्रमुख रहे।

नेपाल के शिक्षार्थियों द्वारा भी डिग्री की समकक्षता एवं प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जिनका विशेषज्ञों द्वारा स्पष्ट रूप से उत्तर दिया गया। शिक्षार्थियों ने अपने प्रश्न वीडियो संदेश, ई-मेल तथा लाइव चैट बॉक्स के माध्यम से भेजे, जिससे संवाद का स्वरूप अधिक व्यापक और सहभागी रहा।

विशेषज्ञ पैनल ने शिक्षार्थियों की जिज्ञासाओं एवं समस्याओं पर आवश्यक जानकारी साझा करते हुए उन्हें संबंधित प्रक्रियाओं के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.uou.ac.in को नियमित रूप से देखने तथा ‘Student One View’ पोर्टल का लाभ उठाने की सलाह दी गई। साथ ही, विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध अन्य सुविधाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विद्याशाखा या विभाग के आधिकारिक ई-मेल के माध्यम से संपर्क करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. सुमित प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल एवं निर्बाध आयोजन के लिए आई.सी.टी. टीम एवं मीडिया टीम के योगदान की सराहना की और सभी विशेषज्ञों, शिक्षार्थियों तथा प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता