सूखाताल में एक अगस्त से शुरू होगी पारंपरिक कुमाऊँनी रामलीला की तालीम

 




नैनीताल, 27 जुलाई (हि.स.)। नैनीताल के सूखाताल स्थित आदर्श रामलीला एवं जन कल्याण समिति की बैठक में आगामी पारंपरिक कुमाऊँनी रामलीला के आयोजन, तालीम तथा अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि रामलीला की तालीम यानी अभ्यास का शुभारंभ आगामी एक अगस्त से सुंदरकांड के पाठ के साथ किया जाएगा। इसके बाद प्रतिदिन सायंकाल पारंपरिक कुमाऊँनी रामलीला की नियमित तालीम आयोजित होगी।

समिति ने क्षेत्र के नागरिकों से रामलीला के आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में तालीम में सहभागिता करने का आह्वान एवं आपसी सद्भाव, सहयोग और सकारात्मक सोच के साथ इस सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से इस वर्ष भी रामलीला का भव्य एवं सफल आयोजन किया जाएगा तथा क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन का प्रयास किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी