सुरक्षा जवान भर्ती रोजगार मेले 28 से

 

पौड़ी गढ़वाल, 27 सितंबर (हि.स.)।जनपद के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय लैंसडाउन (जयहरीखाल) और एसएससीआई सिक्योरिटी लिमिटेड, देहरादून की ओर से 28 सितंबर से 16 अक्टूबर तक विभिन्न विकासखंडों में सुरक्षा जवान भर्ती रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। भर्ती मेले सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 सितंबर को पौड़ी, 29 को कोट, 30 को दुगड्डा, 1 अक्टूबर को खिर्सू, 3 को रिखणीखाल, 5 को पाबौ, 6 को पोखड़ा, 7 को एकेश्वर, 8 को जयहरीखाल, 9 को कल्जीखाल, 10 को द्वारीखाल, 12 को थलीसैंण, 13 को यमकेश्वर, 14 को बीरोंखाल, 15 को नैनीडांडा और 16 अक्टूबर को आईटीआई श्रीनगर में भर्ती मेला आयोजित होगा।

भर्ती के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 40 वर्ष, न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर, वजन 50 से 90 किलोग्राम और शैक्षिक योग्यता कम से कम हाईस्कूल निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाणपत्रों की छायाप्रति और नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो साथ लाना होगा। क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने पात्र युवाओं से अपने नजदीकी केंद्र पर पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह