सीवर मैनहोल की बदहाल स्थिति सुधारने की मांग
नैनीताल, 15 सितंबर (हि.स.)। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल नैनीताल ने उत्तराखंड जल संस्थान से नगर के मुख्य मार्गों सहित आंतरिक सीसी मार्गों पर स्थित सीवर मैनहोल की स्थिति सुधारने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में अधिशासी अभियंता को ज्ञापन भेजकर समस्या का शीघ्र समाधान करने का आग्रह किया।
संगठन के अध्यक्ष किशन नेगी व महासचिव त्रिभुवन फर्त्याल के हस्ताक्षरों से प्रेषित ज्ञापन में कहा गया है कि नैनीताल की सीवर लाइन दशकों पुरानी है, जबकि नगर की आबादी और पर्यटकों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। सीसी मार्गों के निर्माण के चलते कई स्थानों पर सीवर मैनहोल या तो क्षतिग्रस्त हो गए हैं या सड़क की सतह से ऊंचे-नीचे होने के कारण गड्ढे बन गए हैं। इससे वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कई स्थानों पर सीवर मैनहोल से ओवरफ्लो होकर गंदा पानी नालों के माध्यम से नैनी झील में पहुंच रहा है, जिससे झील के प्रदूषित होने के साथ जलजनित रोगों का खतरा बढ़ रहा है। ज्ञापन में ज्योलीकोट, बेलुवाखान और सरियाताल क्षेत्र में सीवर के पानी से उत्पन्न बीमारी की स्थिति का भी उल्लेख किया गया है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर प्रतिनिधिमंडल आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी