सीडीओ ने एसटीपी और सीवेज कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
पौड़ी गढ़वाल, 30 अक्टूबर (हि.स.)।विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माणाधीन और प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के कार्यों की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से लंबित कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में पौड़ी नगर पालिका क्षेत्र में भूमि के सौंदर्यीकरण, सतपुली में भूमि संबंधी प्रकरण, थलीसैंण में नाला टैपिंग, दुगड्डा में एमआरएफ सेंटर की स्थापना और स्वर्गाश्रम व जोंक क्षेत्र में स्थापित एसटीपी की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। सीडीओ ने विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा।
इस दौरान आगामी 4 नवंबर को आयोजित होने वाले गंगा उत्सव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। उत्सव के तहत गंगा आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम, गंगा रन, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, जागरूकता रैली, संगोष्ठी और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सीडीओ ने कार्यक्रमों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, गंगा प्रहरियों और गंगा विचार मंच की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में एसडीओ वन विभाग आयशा बिष्ट, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, जिला पंचायत के कनिष्ठ अभियंता राहुल तोमर सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह