सीएचसी ज्योतिर्मठ मे शुरू हुई अल्ट्रासॉउन्ड सुविधा, पहले दिन 12 मरीजों को मिला लाभ
ज्योतिर्मठ, 16 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ज्योतिर्मठ में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार से रोटेशन के आधार पर सप्ताह में एक दिन रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती करते हुए यह सुविधा शुरू की। पहले दिन 12 मरीजों का अल्ट्रासाउंड किया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल ने बताया कि सीएचसी ज्योतिर्मठ में अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध न होने से क्षेत्र के मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने सप्ताह में एक दिन रेडियोलॉजिस्ट की रोटेशन के आधार पर तैनाती कर सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में जिला चिकित्सालय में तैनात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. गरिमा चौधरी को प्रत्येक बुधवार सीएचसी ज्योतिर्मठ में अल्ट्रासाउंड सुविधा संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। बुधवार को डॉ. गरिमा चौधरी के अवकाश पर होने के कारण महिला बेस चिकित्सालय में तैनात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. गौरव शाह ने मरीजों का अल्ट्रासाउंड किया।
इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. वैष्णव कृष्णा, जिला शासकीय अधिवक्ता प्रकाश भंडारी, राजस्व निरीक्षक चन्द्र सिंह बुटोला, प्रभारी चिकित्साधिकारी सीएचसी ज्योतिर्मठ डॉ. गौतम कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण