सालाना निरीक्षण के लिए पुलिस लाइन रोशनाबाद पहुंचे एसएसपी
हरिद्वार, 20 मार्च (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने शुक्रवार को वार्षिक निरीक्षण के तहत पुलिस लाइन रोशनाबाद का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने शुक्रवार की परेड की सलामी ली और जवानों के साथ दौड़ लगाकर उनकी फिटनेस का परीक्षण किया। उन्होंने जवानों की ड्रिल का भी अवलोकन किया और कहा कि वर्तमान की भागदौड़ भरी जीवनशैली में शारीरिक फिटनेस अत्यंत आवश्यक है।
परेड समाप्त होने के बाद एसएसपी ने औपचारिक निरीक्षण शुरू करते हुए सबसे पहले क्वार्टर गार्द का निरीक्षण किया, जहां सेरिमोनियल गार्द ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद उन्होंने गार्द रूम, आर्मरी और स्टोर का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस दौरान आर्म्स-एम्यूनेशन, विभिन्न उपकरणों और संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। प्रतिसार निरीक्षक प्रवीण आलोक को निर्देश दिए गए कि अस्लाह और अन्य सामग्री की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करते हुए उन्हें व्यवस्थित स्थिति में रखा जाए तथा खरीद और वितरण से संबंधित सभी अभिलेख अद्यतन रखे जाएं।
एसएसपी ने यह भी निर्देश दिए कि खरीदे गए उपकरणों को आवश्यकतानुसार थानों और शाखाओं में वितरित किया जाए, ताकि उनका उपयोग राजकीय कार्यों में प्रभावी रूप से हो सके। साथ ही आर्मरी में रखे एंटी राइट उपकरणों के उपयोग में दक्षता बढ़ाने के लिए समय-समय पर कार्यशालाएं आयोजित करने को भी कहा गया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला