सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण का संदेश देगी गोल्ज्यू संदेश यात्रा

 


पौड़ी गढ़वाल, 29 मार्च (हि.स.)। अपनी धरोहर न्यास द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित गोल्ज्यू संदेश यात्रा 19 अप्रैल से 9 मई तक आयोजित की जाएगी। यात्रा 25 अप्रैल को देवप्रयाग स्थित रघुनाथ मंदिर से होते हुए जनपद में प्रवेश करेगी। यात्रा के भव्य स्वागत और व्यापक तैयारियों को लेकर न्यास की जिला इकाई की बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में यात्रा की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

रविवार को नगरपालिका सभागार में आयोजित बैठक में न्यास के केंद्रीय अध्यक्ष विजय भट्ट ने बताया कि सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और जन-जागरूकता के उद्देश्य से हर तीसरे वर्ष इस यात्रा का आयोजन किया जाता है। इस बार यात्रा की शुरुआत गोल्ज्यू देवता की जन्मस्थली चंपावत से होगी और यह लगभग 3500 किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर विभिन्न क्षेत्रों में सांस्कृतिक संदेश पहुंचाएगी।

इस दौरान यात्रा के पोस्टर का भी विधिवत विमोचन किया गया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने का एक सशक्त प्रयास भी है।

इस मौके पर प्रदेश सचिव कमल किशोर डिमरी, प्रदेश मंत्री सुरेंद्र सिंह, प्रमोद उनियाल, प्रदेश संयोजक नीलम जुयाल, अनुसूया प्रसाद सुंदरियाल, डा. नृपेश तिवारी, रमेश गौड़, संजय बलूनी, नरेंद्र टम्टा, कांता प्रसाद, विकास चौहान, संगीता डोभाल, सुषमा भंडारी, लीला ढौंडियाल, ललिता आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह