सभासद जोशी ने की मल्लीताल पार्किंग को ठेके पर न देने की मांग
नैनीताल, 15 अप्रैल (हि.स.)। नगर के मल्लीताल क्षेत्र में अंडा मार्केट स्थित पार्किंग को ठेके पर देने के प्रस्ताव का विरोध तेज हो गया है। क्षेत्रीय सभासद व पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश जोशी ने इस संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए इस पार्किंग को ठेके पर न देने की मांग की है।
उन्होंने कहा है कि इस पार्किंग में मल्लीताल बाजार के व्यवसायी व यहां आने वाले खरीददार अपने दोपहिया वाहन खड़े करते हैं इसके बावजूद भ्ज्ञी मल्लीताल बाजार क्षेत्र में दोपहिया वाहनों का अत्यधिक दबाव बना रहता है। ऐसे में यदि अंडा मार्केट पार्किंग को ठेके पर दिया जाता है, तो स्थानीय लोगों, व्यापारियों एवं टैक्सी चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
जोशी का कहना है कि यदि यह पार्किंग ठेके पर दी जाती है, तो आमजन के लिए पार्किंग सुविधा सीमित हो जाएगी और उनके लिये पार्किंग शुल्क का अतिरिक्त भार भी बढ़ सकता है। उन्होंने पालिका प्रशासन से अनुरोध किया कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए प्रस्तावित निविदा को निरस्त किया जाए तथा स्थानीय निवासियों को पार्किंग का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी