सपनों का भारत-2047 की कल्पना से सजे चित्र, रंगोली, भाषण-निबंध व नाट्य मंचन मे दिखा उत्साह

 




चमोली, 02 अक्टूबर (हि.स.)। 'सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जनपद के समस्त राजकीय एवं निजी विद्यालयों में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, अभिव्यक्ति कौशल, देशभक्ति एवं सामाजिक सरोकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अभियान के तहत चित्रकला, निबंध, भाषण, नाट्य मंचन एवं रंगोली प्रतियोगिताओं में प्राथमिक, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

जूनियर एवं माध्यमिक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जबकि माध्यमिक वर्ग में नाट्य मंचन भी कराया गया, जबकि प्राथमिक, जूनियर एवं माध्यमिक वर्गों में चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के लिए ‘मेरे सपनों का भारत-2047’, ‘विकसित उत्तराखंड’ जैसे विषय निर्धारित किए गए।

विद्यालय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों की प्रविष्टियां विकासखंड स्तर पर भेजी गईं, जिसके बाद जनपद स्तरीय प्रतियोगिताएं अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, गोपेश्वर में आयोजित की गईं। चित्रकला प्रतियोगिता के उपरांत विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों की प्रदर्शनी भी आमजन के अवलोकनार्थ लगाई गई।

जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं के तहत चित्रकला प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में आदिश्री रावत, ठाकुर सिंह नेगी प्रथम, उत्कर्ष नेगी द्वितीय तथा प्रियांशु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में वेदांश पुरोहित प्रथम, कामाक्षी द्वितीय तथा आयुष तृतीय रहे। सीनियर वर्ग में नितिन प्रथम, खुशी द्वितीय तथा अदिति तृतीय स्थान पर रहीं।

नाट्य मंचन प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में जीआईसी ग्वाड़ देवलधार की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

टीम में देवराज, अभिराज, अरमान एवं अखिल शामिल रहे।

रंगोली प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में स्तुति पुरोहित (जीआईसी सिमली) ने प्रथम, नयनतारा (जीआईसी आाली) ने द्वितीय तथा तमन्ना (जीआईसी कौब) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

भाषण प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में प्रेमा भंडारी (जीआईसी सवाड़) प्रथम, श्रेया (जीआईसी जैणी) द्वितीय तथा संध्या (जीजीआईसी नंदानगर) तृतीय रहीं। जूनियर वर्ग में गुंजन प्रथम, तन्वी द्वितीय तथा पूर्णिमा तृतीय रहीं।

निबंध प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में मनीषा प्रथम, सिया द्वितीय तथा वंशिका डोभाल तृतीय रहीं। वहीं सीनियर वर्ग में दिव्यांशु (जीआईसी तपोवन) प्रथम, रचना (जीआईसी सिलपाटा) द्वितीय तथा दिव्या (देवभूमि पब्लिक स्कूल रविग्राम) तृतीय स्थान पर रहीं।

अभियान के तहत प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता, देशभक्ति, सांस्कृतिक प्रतिभा एवं विकसित भारत की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण