संस्कृत समूह नाटक में सरस्वती विहार रहा जिला चैंपियन

 


नैनीताल, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड संस्कृत अकादमी हरिद्वार की ओर से आयोजित जिला स्तरीय संस्कृत विद्यार्थी प्रतियोगिता में पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार नैनीताल के विद्यार्थियों ने विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। कनिष्ठ वर्ग में विद्यालय की टीम ने संस्कृत समूह नाटक में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि समूह गान और आशुभाषण प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने द्वितीय स्थान हासिल किया है।

बताया गया है कि जिला स्तर पर सफलता के बाद विद्यालय की टीम 23 और 24 अक्टूबर को हरिद्वार में होने वाली राज्य स्तरीय संस्कृत विद्यार्थी प्रतियोगिता में नैनीताल जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संस्कृत को भारतीय ज्ञान परंपरा और संस्कृति की महत्वपूर्ण धरोहर बताया। प्रबंधक श्याम अग्रवाल ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए सफलता का श्रेय अभ्यास, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया और उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी