संस्कृत महाविद्यालय मे धूम धाम से मनाई गई भारत रत्न पंडित गोविन्दबल्लभ पंत की 139वीं जयंती

 




ज्योतिर्मठ, 10 सितंबर (हि.स.)।श्रीबदरीनाथ वेद वेदाङ्गस्नातकोत्तर संस्कृत महाविद्यालय, ज्योतिर्मठ में भारत रत्न एवं उत्तराखण्ड के महान सपूत पं. गोविन्द बल्लभ पंत जी की 139वीं जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री कुलदीप भट्ट, मंदिर अधिकारी, केदारनाथ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारम्भ पं. गोविन्द बल्लभ पंत जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करने के साथ हुआ। मुख्य अतिथि श्री कुलदीप भट्ट ने पंत जी के जीवन, राष्ट्रसेवा, शिक्षा तथा उत्तराखण्ड के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पं. गोविन्द बल्लभ पंत का जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर महाविद्यालय के सहायक प्रवक्ता प्रदीप पुरोहित, सहायक प्रवक्ता जगदीश जोशी, सहायक प्रवक्ता डॉ. सावित्री रावत एवं सहायक प्रवक्ता डॉ. मनीष देवराड़ी ने पं. गोविन्द बल्लभ पंत जी के जीवन एवं राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। महाविद्यालय के छात्र पवन थपलियाल, आयुष सती एवं आशुतोष जोशी सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी पंत जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. द्रवेश्वर प्रसाद थपलियाल ने मुख्य अतिथि श्री कुलदीप भट्ट का आभार व्यक्त किया तथा सभी उपस्थित अतिथियों, शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम की सफलता के लिए धन्यवाद दिया। सहायक प्रवक्ता डॉ आशीष भट्ट के संचालन मे हुए कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारीगण एवं सभी छात्र उपस्थित रहे। वक्ताओं ने पं. गोविन्द बल्लभ पंत जी के आदर्शों, राष्ट्र के प्रति उनकी निष्ठा, कर्तव्यपरायणता एवं जनसेवा से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण