संविधान दिवस पर आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई
नई टिहरी, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस पर जिला कार्यालय में डीएम नितिका खंडेलवाल ने अधिकारियों-कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई। वहीं भाजपा कार्यालय नई टिहरी, ब्लॉक कार्यालय घनसाली, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में संविधान दिवस पर गोष्ठी और जागरूकता कार्यक्रम कराए गए।
वीरवार को संविधान दिवस पर डीएम नितिका ने और एडीएम शैलेंद्र नेगी ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों-कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराते हुए संविधान के मूलभूत आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर एसडीएम धनोल्टी आईएएस अंशुल भट्ट, वैयक्तिक अधिकारी चंदन शाह, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अनिल कुमार, केशव गैरोला, धीरेंद्र पुंडीर मौजूद थे।
भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष उदय रावत के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन कर बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इस मौके पर विजय कठैत, राजेंद्र डोभाल, सुशील बहुगुणा मौजूद थे। वहीं घनसाली में विधायक शक्ति लाल शाह, नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट ने संविधान दिवस पर जनसमूह और छात्रों को भारतीय संविधान से रूबरू कराया। उन्होंने सामान्य प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया।
विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दयाराम के नेतृत्व में राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर राजपाल सिंह मियां, प्राचार्य विजय नेगी मौजूद थे। वहीं एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में स्पार्क यूथ क्लब, अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन और शिक्षा विभाग ने 77वां संविधान मनाया। इस मौके पर धीरज चंद्रपाल, विभागाध्यक्षा प्रो. सुनीता गोदियाल, डा. नीरज जोशी, डा. मनोज नौटियाल, डा. दिव्यम, डा. हेमराज, डा. अरविंद, डा. सुमनलता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी