श्रद्धा के साथ मनाया गया भगवान परशुराम जन्मोत्सव, अष्ट चिरंजीवी पूजन संपन्न

 




हरिद्वार, 19 अप्रैल (हि.स.)। श्री अखंड परशुराम अखाड़ा के संयोजन में भगवान परशुराम जन्मोत्सव श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया। मालवीय घाट पर संतों के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अष्ट चिरंजीवी पूजन किया गया, जिसमें भगवान परशुराम सहित अष्ट चिरंजीवियों की विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई।

कार्यक्रम में 51 ब्राह्मणों की ओर से गायत्री मंत्र जाप के साथ वैदिक रीति से अनुष्ठान किया गया। इस अवसर पर अखाड़े के विद्यार्थियों ने शस्त्र-कला का प्रदर्शन भी किया और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि भगवान परशुराम धर्म, न्याय और तेजस्विता के प्रतीक और सभी सनातनियों के गुरु हैं। युवा पीढ़ी को उनके पदचिन्हों पर चलते हुए देश और धर्म के प्रति योगदान करना चाहिए। उन्होंने बताया कि 26 अप्रैल को भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा हरिद्वार में निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम धर्म, न्याय और तेजस्विता के प्रतीक हैं तथा युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों का अनुसरण करना चाहिए।

इस मौके पर स्वामी कार्तिक गिरी,स्वामी भास्कर पुरी,स्वामी विश्वा पुरी,दिनेश बाली,राजकुमार शर्मा, विष्णु शर्मा,रजनीश योगी,दिनेश शर्मा,सुमित कुमार,चमन गिरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला