श्यामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ

 


हरिद्वार, 18 सितंबर (हि.स.)।

श्यामपुर स्थित नव निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुक्रवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। केंद्र में शनिवार से ओपीडी सेवाएं शुरू हो जाएंगी।

स्वास्थ्य सचिव पांडे ने केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्यामपुर क्षेत्र के लोगों को अब प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही मिलेंगी, भविष्य में इस केंद्र को ट्रॉमा सेंटर के रूप में भी विकसित किया जाएगा ताकि दुर्घटना और आपातकाल में तत्काल उपचार मिल सके।

पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि 2022 में उनके कार्यकाल के दौरान इस पीएचसी को स्वीकृति मिली थी। केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को इलाज के लिए अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर सीएमओ डॉ. आरके सिंह, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. महिमानंद जोशी, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान योगेश चौहान श्यामपुर, सुनील पाल सजनपुर पीली, देवेंद्र नेगी गाजीवाली, मंडल महामंत्री सुनील पाल सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला