शिवालिक नगर में हाईटेक शौचालय और प्लास्टिक पर रोक का निर्णय
हरिद्वार, 28 अप्रैल (हि.स.)। बीएचईएल, सिडकुल एवं शिवालिक नगर पालिका क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिवालिक नगर पालिका के अध्यक्ष राजीव शर्मा, बीएचईएल के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए क्षेत्र में साफ-सफाई की मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित करें। विशेष रूप से एटीएम चौक, खोखा मार्केट के पास एक हाईटेक सार्वजनिक शौचालय निर्माण का निर्णय लिया गया। इसके लिए नगर पालिका को स्थान चिन्हित कर प्रस्ताव तैयार करने और बीएचईएल को एक माह के भीतर एनओसी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और वाहनों की उचित पार्किंग व्यवस्था के लिए स्थान चिन्हित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
पीठ बाजार में सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती
जिलाधिकारी ने बीएचईएल और शिवालिक नगर क्षेत्र में लगने वाले पीठ बाजार में सिंगल यूज प्लास्टिक के पूर्ण प्रतिबंध के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं भी प्लास्टिक का उपयोग पाया गया, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ चालान और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बाजार और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
अतिक्रमण और सुरक्षा व्यवस्था पर भी फोकस
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न हो और समय-समय पर संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाए।
साथ ही शिवालिक नगर के संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए पुलिस को स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।
अन्य महत्वपूर्ण निर्णय
पार्कों के सौंदर्यीकरण के लिए हरिद्वार विकास प्राधिकरण को निर्देश। शहीद चौक के पुनर्स्थापन हेतु पीडब्ल्यूडी को स्थान चिन्हित करने के आदेश। दीप गंगा सोसायटी, हरिद्वार ग्रीन और अंतरिक्ष एनआरआई सिटी में बिल्डरों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के निर्देश। जर्जर विद्युत पोल हटाने के लिए विद्युत विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश व सामुदायिक केंद्रों के हस्तांतरण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम, स्वास्थ्य, बीएचईएल, सिडकुल, पुलिस और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला