शिवशत्रि पर ओणेश्वर मंदिर में किया जलाभेिषेक

 


नई टिहरी, 11 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास के आखिरी सोमवार के साथ ही शिवरात्रि पर प्रतापनगर ब्लाॅक के शिवालयों में श्रद्धालुओं ने जमकर भीड़ उमड़ी। शिव भक्तों ने गंगोत्री से लाए पवित्र गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

उन्होंने परिवार की खुशहाली की कामना की। सिद्धपीठ ओणेश्वर महादेव, कोटेश्वर महादेव, थकलेश्वर महादेव सहित अन्य मंदिरों में दिनभर जलाभिषेक का दौरार चलता रहा। सिद्धपीठ ओणेश्वर महादेव मंदिर देवल में सैकड़ों की संख्या में शिवभक्त ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव का गंगाजल से अभिषेक किया। उन्होंने पूजा-अर्चना की। बीते वर्षों में जहां श्रावण मास के सोमवार को ओणेश्वर महादेव मंदिर देवल में पूजा-अर्चना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, डीजे और भंडारे का आयोजन किया जाता था। लेकिन इस बार देवल गांव के केतन हत्याकांड के चलते मंदिर परिसर में स्थानीय प्रशासन की ओर से डीजे, गीत-संगीत पर रोक लगाई गई थी। भंडारे की बजाए शिवभक्तों ने फलाहार वितरण कर धार्मिक परंपरा को निभाया। मंदिर समिति के अध्यक्ष द्वारिका प्रसाद भट्ट ने बताया कि देवल मे केतन हत्याकांड के बाद ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से मंदिर में डीजे साउंड न बजाने की मांग की थी। जिस पर प्रशासन ने शांति व्यवस्था को देखते हुए सादगी से जलाभिषेक और पूजा करने की सभी से अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी