शासन को भेजे जाने वाले प्रकरणों पर स्पष्ट आख्या लगाकर प्रेषित करें: कमिश्नर
नई टिहरी, 03 सितंबर (हि.स.)। गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में जिलाधिकारी ट्रांजिट कैंप कार्यालय मुनिकीरेती में टिहरी बांध पुनर्वास समन्वय उप समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें समिति के सदस्यों ने पुनर्वास से संबंधित प्राप्त प्रस्तावों, प्रकरणों एवं कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए कई मामलों का निस्तारण किया।
वीरवार को मुनिकीरेती में कमिश्नर आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में टिहरी बांध पुनर्वास से संबंधित समस्याओं पर चर्चा हुई। आयुक्त ने कहा कि पुनर्वास क्षेत्रों में नाम परिवर्तन, बांध क्षेत्र के ऊपर बने मकान, मकानों को हुई क्षति सहित अन्य पुनर्वास संबंधी मामलों पर निर्णय लिए गए हैं। कहा कि जिन प्रकरणों का निस्तारण समिति स्तर पर संभव है, उन पर कार्रवाई की जा रही है। जबकि शेष प्रकरण शासन को भेजे गए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनर्वास से जुड़े प्रकरणों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उच्च स्तर पर जिन मामलों में निर्णय अपेक्षित है, उनके प्रस्ताव स्पष्ट आख्या व अभिलेखों सहित शासन को भेजे जाएं। बैठक में सम्पार्श्विक क्षति नीति, चिन्हित गांवों में विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट सहित कई प्रकरणों पर चर्चा की गई। बैठक में पुनर्वास निदेशक/डीएम नितिका खण्डेलवाल, एडीएम देहरादून केके मिश्रा, डीजीएम राकेश थपलियाल, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल भौतिक जबकि डीएम हरिद्वार मयूर दीक्षित वर्चुअल रूप से मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी