शान-ए-टिहरी प्रतियोगिता के लिए 120 प्रतिभागियों ने दिए ऑडिशन

 




नई टिहरी, 22 नवंबर (हि.स.)। टिहरी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं व स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से त्रिवेणी कौथिग के अंतर्गत आयोजित शान-ए-टिहरी प्रतियोगिता के लिए ऑडिशन लिए गए। जिसमें जिलेभर के 120 प्रतिभागियों ने कला का प्रदर्शन किया। ग्रैंड फिनाले के लिए चयनित प्रतिभागी त्रिवेणी कौथिग के मंच पर अब प्रस्तुति देंगे।

नई टिहरी के विवेक मेमोरियल सुरगंगा संगीत विद्यालय बौराड़ी में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से आए बच्चों, युवाओं व विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने शान-ए-टिहरी प्रतियोगिता के ऑडिशन में प्रतिभाग किया। गायन, नृत्य एवं वादन की विभिन्न विधाओं में ऑडिशन लिए गए। पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। निर्णायक महीपाल सिंह नेगी, अर्जुन चंद्र, अरविंद कोहली, त्रिहरि नेगी, कंचन कुकरेती, बबीता रावत, सुनीता फोंदणी ने बताया कि प्रतियोगिता में गायन, नृत्य एवं वादन की अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई थीं। गायन व नृत्य में एकल प्रस्तुति जबकि वादन में एकल एवं सामूहिक प्रस्तुतियों के लिए अवसर दिए गए। प्रतियोगिता में किसी भी आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए भाग लेने की खुली व्यवस्था रखी गई। सुरगंगा संगीत विद्यालय के निदेशक डॉ. विकास फोंदणी ने बताया कि 120 प्रतिभागियों ने ऑडिशन दिए। इस दौरान निर्णायक मंडल ने प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। ग्रैंड फिनाले के लिए योग्य प्रतिभागियों का चयन किया गया। कहा कि प्रतिभाओं को मंच देने का यह शानदार प्लेटफार्म साबित होगा। वहीं पालिकाध्यक्ष रावत ने बताया कि ऐसे आयोजन से ही टिहरी के शहर और गांवों से प्रतिभा निकलेगी। युवाओं को इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए भी यह महत्वपूर्ण साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी