शहर की समस्याओं को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

 

नैनीताल, 26 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष दया किशन पोखरिया के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में यातायात व्यवस्था, सड़क क्षति एवं भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के समाधान की मांग उठाई गई और जिलाधिकारी से इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

ज्ञापन में मांग की गई कि गोलघर से चीना बाबा चौराहे तक दोपहिया वाहनों के लिए वन-वे व्यवस्था लागू की जाए, ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके। इसके अलावा तल्लीताल डांठ, मल्लीताल रिक्शा स्टैंड एवं पुराने घोड़ा स्टैंड क्षेत्र में चौड़ीकरण के बाद अव्यवस्थित दोपहिया पार्किंग के कारण यातायात बाधित होने की समस्या भी उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि निशांत स्कूल से बिड़ला चुंगी की ओर जाने वाला मार्ग क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं ठंडी सड़क स्थित शनि मंदिर के पास दो वर्ष पूर्व हुए भूस्खलन के बाद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। तल्ला कृष्णापुर क्षेत्र के वीरभट्टी मार्ग पर हुए भूस्खलन प्रभावित हिस्से के निर्माण कार्य की भी मांग की गई।

ज्ञापन देने वालों में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता अरविंद पड़ियार, आनंद बिष्ट, लाल सिंह बिष्ट, जिला मंत्री अनुसूचित जाति मोर्चा संतोष कुमार, सभासद पूरन बिष्ट, भगवत रावत, शैलेंद्र बर्गली, मोहित साह, मंडल महामंत्री हरीश राणा व उमेश भट्ट सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी