वैदिक गणित पर युवाओं को मिले महत्वपूर्ण सूत्र
देहरादून, 26 मई (हि.स.)। पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र, देहरादून में आयोजित “वैदिक गणित” विषयक विशेष व्याख्यान में प्रसिद्ध गणित विशेषज्ञ डॉ. योगेश चांदना ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं व अध्ययनरत छात्रों को वैदिक गणित की उपयोगी एवं सरल तकनीकों से परिचित कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बैंक की व अन्य महत्वपूर्ण परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
व्याख्यान में डॉ. चांदना ने बताया कि वैदिक गणित केवल गणनाओं को सरल और तीव्र बनाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि यह मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और तार्किक क्षमता को भी विकसित करता है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में समय प्रबंधन और त्वरित समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण सूत्र एवं व्यावहारिक तकनीकें साझा कीं।
उन्होंने युवाओं से कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए आत्मबल, एकाग्रता, निरंतर अभ्यास, नई जानकारियाँ प्राप्त करने की जिज्ञासा तथा विषय के प्रति रुचि अत्यंत आवश्यक है। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने अनेक प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. चांदना ने सहज और प्रेरक ढंग से उत्तर दिया।
कार्यक्रम का प्रारम्भ दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. डी.के. पाण्डे के स्वागत एवं परिचय वक्तव्य से हुआ। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय युवाओं के बौद्धिक विकास और मार्गदर्शन हेतु निरंतर ऐसे उपयोगी कार्यक्रम आयोजित करता रहा है।
इस अवसर पर डॉ. पंकज नैथानी, चन्द्रशेखर तिवारी, कर्नल डिमरी, डॉ.लालता प्रसाद,सुंदर सिंह विष्ट सहित अनेक शिक्षाविद, साहित्यप्रेमी एवं युवा छात्र उपस्थित रहे।
दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र ने भविष्य में भी युवाओं के लिए इस प्रकार के ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल