वीआईपी भ्रमण के दौरान कैंची धाम-भवाली क्षेत्र में विशेष यातायात व्यवस्था लागू

 

नैनीताल, 18 जून (हि.स.)। वीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत शुक्रवार 19 जून को कैंची धाम, रातीघाट और भवाली क्षेत्र में यातायात को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए विशेष यातायात व डायवर्जन व्यवस्था लागू की गयी है।

इस दौरान विभिन्न मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी तथा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए पार्किंग एवं शटल सेवा की व्यवस्था की गयी है।नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी में वीआईपी के बारे में जानकारी दिये बिना बताया गया है कि वीआईपी फ्लीट के जनपद नैनीताल सीमा में प्रवेश से पूर्व अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से कैंची, भवाली तथा भीमताल आने वाले वाहनों को आवश्यकता अनुसार क्वारब पुल और खैरना पुल पर अस्थायी रूप से रोका जाएगा।

हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले आवश्यक सेवाओं से संबंधित भारी वाहन भीमताल तिराहा रानीबाग-भीमताल मार्ग से संचालित होंगे तथा अन्य भारी एवं हल्के वाहनों को भी इसी मार्ग से भेजा जाएगा।

यातायात दबाव बढ़ने पर ज्योलीकोट की ओर से आने वाले वाहनों को मस्जिद तिराहा भवाली पर रोका जा सकता है। बाहरी जनपदों और राज्यों से भीमताल मार्ग होकर कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग भीमताल में पार्क कराया जाएगा, जहां से उन्हें शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम और भवाली भेजा जाएगा।

वहीं गेठिया-नैनीताल मार्ग से आने वाले पर्यटकों के वाहनों को सैनेटोरियम पार्किंग भवाली में खड़ा कराया जाएगा तथा वहां से शटल सेवा उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में उक्त मार्ग पर दुपहिया टैक्सी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। वीआईपी फ्लीट के कैंची धाम से प्रस्थान करने से 10 मिनट पूर्व शटल वाहनों को शिप्रा पुल पर रोका जाएगा।

फ्लीट के आवागमन के दौरान आवश्यकता के अनुसार निर्धारित मार्गों पर जीरो जोन व्यवस्था भी लागू की जाएगी। पुलिस ने पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों से यातायात व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए निर्धारित डायवर्जन योजना का पालन करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी