विश्व मानवतावादी दिवस पर रातीघाट में आपदा प्रबंधन और विधिक जागरूकता शिविर
नैनीताल, 19 अगस्त (हि.स.)। विश्व मानवतावादी दिवस के अवसर पर नैनीताल जनपद की राजकीय इंटर कॉलेज रातीघाट में विद्यार्थियों और आमजन के लिए आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, चिकित्सा परीक्षण तथा नशा उन्मूलन, साइबर अपराध और यातायात नियमों पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में एसडीआरएफ यानी राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल ने प्राथमिक उपचार और जीवन रक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया, जबकि पुलिस और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने विभिन्न कानूनों की जानकारी दी।
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में सचिव पारुल थपलियाल ने विश्व मानवतावादी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मोटर वाहन अधिनियम और नशा उन्मूलन के संबंध में जानकारी दी। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल ने बाढ़, भूकंप, भूस्खलन, बादल फटना, आग और सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपात स्थितियों में बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार और हृदय-फेफड़ा पुनर्जीवन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
एनटीएफ प्रभारी रमेश पंत ने मादक पदार्थ संबंधी कानून के प्रावधानों की जानकारी दी, जबकि साइबर सेल प्रभारी मीनू गौतम ने साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते हुए आपात स्थिति में 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। शिविर में प्रधानाचार्य एसपी सिंह, उप निरीक्षक विपुल भट्ट, गणेश भट्ट, विजय खैरोला, विक्रम सिंह, नवीन पांडे, यशवंत कुमार, संजय कुमार और पुष्कर बीना सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी