विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक
नैनीताल, 13 अगस्त (हि.स.)। भारत विभाजन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले लोगों की स्मृति में आगामी 14 अगस्त को मनाए जाने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के आयोजन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में गुरुवारा को भीमताल विकासखंड सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में राजकीय और निजी शिक्षण संस्थानों में गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित करने तथा विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य भारत विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने सभी उच्च शिक्षण संस्थानों और महाविद्यालयों में विभीषिका प्रदर्शनी, दो मिनट का मौन, कैंडल मार्च और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा।
विद्यालयों में भाषण, निबंध, वाद-विवाद, परिचर्चा और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित करने तथा विद्यार्थियों को 15 सितंबर 2026 तक मायगव पोर्टल पर आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में भाग लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा विभाजन से प्रभावित परिवारों के अनुभव साझा कराने की भी बात कही गई।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी