विद्यार्थी परिषद ने तिरंगा यात्रा निकाली

 


उधमसिंहनगर, 12 अगस्त (हि.स.)।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने देशभर में चलाए जा रहे ‘घर-घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत रुद्रपुर में भी तिरंगा यात्रा निकाली । यह तिरंगा यात्रा शहीद भगत सिंह राजकीय महाविद्यालय से प्रारंभ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं युवाओं ने सहभागिता करते हुए 75 मीटर लंबे तिरंगे के साथ नगर में राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

यात्रा के उपरांत वंदे मातरम् का सामूहिक गान किया गया। तिरंगा यात्रा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि “वंदे मातरम् के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में विद्यार्थी परिषद द्वारा आयोजित यह तिरंगा यात्रा देशभक्ति और राष्ट्र चेतना का शानदार संदेश है। 75 मीटर लंबे तिरंगे के साथ बड़ी संख्या में युवाओं और विद्यार्थियों का उत्साह यह दर्शाता है कि आज का युवा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को लेकर जागरूक है। तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। ‘घर-घर तिरंगा’ जैसे अभियानों के माध्यम से देश के प्रत्येक परिवार को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना से जोड़ने का कार्य सराहनीय है।” भाजपा किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश मंत्री धीरेन्द्र मिश्रा जी ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की यह तिरंगा यात्रा युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का सराहनीय प्रयास है।

75 मीटर लंबे तिरंगे के साथ विद्यार्थियों और युवाओं की सहभागिता यह दर्शाती है कि हमारी नई पीढ़ी देश के गौरव और सम्मान के प्रति सजग है। तिरंगा हम सभी को एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देता है।” परिषद नेता चंदन भट्ट ने कहा कि पूरे देश में परिषद द्वारा ‘घर-घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना का संदेश पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् हमारी स्वतंत्रता चेतना का प्रतीक रहा है और तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का प्रतीक है।विद्यार्थी परिषद का प्रयास है कि युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाए।”

कार्यक्रम में कमल जोशी, प्रांत सह-संयोजक एसफीएस, शिवम यादव, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य, छात्रसंघ अध्यक्ष रजत बिष्ट, पूर्व छात्र संघ सचिव रोहित भट्ट, नगर मंत्री अभिषेक दास, कमलेश चौधरी, प्रांजल सुयाल, अभिषेक कोली, गणेश भट्ट, प्रकाश दास एवं प्रथम मालवीय, अनुभव सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे| कार्यक्रम के अंत में वंदे मातरम् के सामूहिक गान के साथ राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विजय आहूजा