विद्यार्थियों को बांटे स्कूल बैग

 


नैनीताल, 23 नवंबर (हि.स.)। प्रकृति रिसाइकिलिंग प्राइवेट लिमिटेड की ओर से तल्लीताल क्षेत्र के तीन विद्यालयों में विद्यार्थियों को बैग वितरित किये गये। इस दौरान बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और रिसाइकिलिंग के महत्व की जानकारी भी दी गई।

बैग वितरण कार्यक्रम राजकीय बालक उच्चतर प्राथमिक विद्यालय तल्लीताल, राजकीय कन्या उच्चतर प्राथमिक विद्यालय तल्लीताल और राजकीय प्राथमिक विद्यालय तल्लीताल में आयोजित किया गया। शिक्षकों और अभिभावकों ने बच्चों को बैग उपलब्ध कराने के लिए प्रकृति रिसाइकिलिंग प्राइवेट लिमिटेड का आभार व्यक्त किया और संस्था के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में इसी प्रकार सहयोग जारी रखने की अपेक्षा जताई। वहीं विद्यार्थी स्कूल बैग प्राप्त कर प्रफुल्लित नजर आये।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष आनंद बिष्ट, नगर पालिका सभासद भगवत रावत, जिले के खेल प्रकोष्ठ से शैलेंद्र बर्गली, जिला मंत्री संतोष कुमार और भाजपा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष भूपेंद्र बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा विद्यालयों की ओर से शिक्षक अनिल कत्यूरा, उज्ज्वला चौधरी, रेखा मनराल, मुक्ता बिष्ट, कमला बिष्ट और भावना सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भी प्रतिभाग किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी