वासंतीय नवरात्रि का हुआ दिव्य एवं भव्य शुभारंभ

 


पौड़ी गढ़वाल, 19 मार्च (हि.स.)। अत्यंत श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ कोट विकासखंड के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां भुवनेश्वरी धाम में वसंतिया नवरात्रि का शुभारंभ अत्यंत भव्य रूप में हुआ। प्रथम दिवस पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने सम्पूर्ण क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया, जहां हर ओर जय माता दी के जयघोष गूंज उठे।

प्रथम दिवस की पावन पूजा माँ भुवनेश्वरी के शैलपुत्री स्वरूप को समर्पित रही। गुरुवार को नवरात्रि के पहले दिन पावन प्रभात में ब्रह्ममुहूर्त के शुभ क्षणों में मंदिर के मुख्य पुजारी ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के बीच गर्भगृह में प्रवेश कर मां भगवती का पूजन-अर्चन प्रारम्भ किया। इसके बाद विधि-विधान से चंडी पाठ का शुभारम्भ हुआ, जिससे सम्पूर्ण क्षेत्र भक्तिमय ऊर्जा से आलोकित हो उठा। मंदिर समिति के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया, जिसने आयोजन को और भी गरिमा प्रदान की।

भजन प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने जिसमे आस्था मंडली जसकोट नागराज नमंडली रैदुल, महिला मंगलदल ने अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिरस में डुबो दिया, वहीं प्रवचन प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र आयुष्मान ने कालिमठ और हेमन्त ने सिद्धबली पर अपने ओजस्वी वचनों से सभी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. नवीन ममगाईं ने बताया कि यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक श्रृंखला 25 मार्च तक निरंतर चलती रहेगी। मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दिगंबर जुयाल व सचिव सतीश जुयाल ने बताया कि प्रतिदिन भक्ति, संस्कृति और सेवा का यह संगम यहाँ देखने को मिलेगा, साथ ही सभी श्रद्धालुओं के लिए नित्य भंडारे की भी व्यवस्था की गई है।

इस अवसर पर स्थानीय समिति के अध्यक्ष नवीन जुयाल, अनसूया प्रसाद सुन्दरियाल, दिनेश जुयाल , शिवप्रसाद जुगरान श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह