अनूप हत्याकांड : लोगों में गुस्सा, जुलूस-प्रदर्शन के बाद सीएम व डीजीपी को भेजा ज्ञापन
ज्योतिर्मठ, 31 अक्टूबर (हि.स.)।जोशीमठ के अनुसूचित जाति समाज के युवक अनूप कुमार की हरिद्वार मे हत्या होने के बाद से परिजन न्याय के लिए दर दर भटक रहे हैं, काफी जद्दोंजहाद के बाद हरिद्वार पुलिस ने जीरो एफआईआर तो दर्ज तो की लेकिन हत्या आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है, जबकि परिजन जिस व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं वह आईटीबीपी जोशीमठ मे ही तैनात बताया जा रहा है।
बीती 16 अक्टूबर को हुई हत्या के बाद आज तक भी परिजनों को न्याय मिलता हुआ भी नहीं दिखना यह बताने के लिए काफी है कि प्रदेश मे गरीब व दलित परिवार की सुध लेने वाला भी कोई नहीं है।, जबकि परिजन जिसे हत्या के लिए जिम्मेदार बता रहे हैं वही व्यक्ति मृतक अनूप को उसके घर से साथ लेकर गया था। जब तक परिजनों द्वारा नामजद आरोपी से गहन पूछ ताछ नहीं होती तब तक हत्या का राज नहीं खुल सकेगा। इसी को लेकर शनिवार को स्थानीय निवासियों ने जुलूस प्रदर्शन कर एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन प्रेषित करते हुए त्वरित व उचित न्याय की मांग की गई है, यदि ऐसा नहीं हुआ तो पूरे क्षेत्रवासी आंदोलन के लिए विवश होंगें।
ज्ञापन देने से पूर्व तहसील परिसर मे सभा हुई जिसे जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक अतुल सती, नगर पालिका सभासद ललिता देवी, पूर्व सभासद मुकेश कुमार सहित अनेक लोगों ने सम्बोधित किया। ज्ञापन देने वालों मे महेन्द्र दयाल, सभासद प्रदीप पंवार, प्रदीप भट्ट, सौरभ राणा, पूर्व सभासद दिक्का देवी, बसंत गल्थवाण, दिनेश लाल, भूपेंद्र कुमार, कुशलानन्द डिमरी,बबीता, गीता देवी, लीला देवी, भगवती प्रसाद नंबूरी, एडवोकेट संतोष कुमार डिमरी सहित अनेक लोग शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण