लोनिवि कीर्तिनगर में ईई की पुनः तैनाती पर जताई नाराजगी
नई टिहरी, 10 सितंबर (हि.स.)। लोक निर्माण विणााग कीर्तिनगर में दोबारा से धीरेंद्र कुमार की अधिशासी अभियंता पद पर तैनाती का जनप्रतिधियों और स्थानीय लोगों ने विरोध जताया है। उन्होंने सीएम पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर ईई धीरेंद्र के पूर्व के कार्यकाल में हुए निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
बता दें कि धीरेंद्र कुमार दो माह पूर्व ही लोनिवि कीर्तिनगर से स्थानांतरण होकर देहरादून गए थे। पूर्व के कार्यकाल में भी उनका क्षेत्र में काफी विरोध हुआ था। लेकिन फिर दो माह बाद उन्हें कीर्तिनगर वापस स्थानांतरण करने पर लोगों ने ट्रांसफर पॉलिसी पर सवाल उठाए हैं।
वीरवार को सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप गोदियाल, ग्राम प्रधान धारकोट-ढुंडसिर राम सिंह चौहान, पारकोट के प्रधान अमर सिंह पंवार, नरेंद्र सिंह, मनोज राणा, सोबन चौहान, अचल नेगी आदि ने एसडीएम के माध्यम से सीएम को पत्र भेजकर ईई धीरेंद्र कुमार के पूर्व के कार्यकाल की संपूर्ण जांच, जनप्रतिनिधियों और जनता की ओर से लगाए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। बताया कि खुली निविदाओं के बजाए वे चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए सीमित स्तर पर कार्य आवंटित करते थे। ऐसे में विवादित अधिकारी की फिर से कीर्तिनगर में ताजपोशी से जनता भी असमंजस में है।
विभागीय स्तर पर निलंबन, अनुशासनात्मक कार्रवाई सहित डीएम ने उनका वेतन रोकने की संस्तुति की थी। ऐसे में जनहित में सभी प्रकरणों की जांच और स्थानांतरण रद्द करने की मांग की है। अन्यथा 20 सितम्बर से वह बेमियादी आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी