लोगों को बेहतर शिक्षा व स्वास्थ्य करवाने के लिए किए जा रहे प्रयास
पौड़ी गढ़वाल, 08 जुलाई (हि.स.)। ईसा फाउंडेशन के संस्थापक इंद्रजीत सिंह नेगी ने आज प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने फाउंडेशन के कार्यो की जानकारी दी। कहा कि फाउंडेशन प्रदेश के पर्वतीय समाज में बेहतर शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराये जाने हेतु प्रयासरत है।
इन सेवाओं को धरातल पर उतारने की एक शुरुआती पहल हमने अपने गृह जनपद पौड़ी से की है। कहा कि पौड़ीवासियों को शहर में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए उत्तराकेयर अस्पताल खोला गया है। इसके माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति ग्रामीण क्षेत्रों में इस जागरुकता अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पौड़ी के नजदीकी ब्लाकों के ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग प्रतिदिन स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। बताया कि वर्तमान में उत्तराकेयर हॉस्पिटल में प्रत्येक शनिवार को अलग- अलग विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मरीजों का इलाज किया जा रहा है। बताया कि फाउंडेशन द्वारा पौड़ी मुख्यालय में निकट भविष्य में इस अस्पताल के लिए 100 बेड का एक सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल भवन के निर्माण की योजना है।
कहा कि फाउंडेशन का मानना है कि पहाड़ में लोगों को स्वास्थ्य और शिक्षा की बेहतर सुविधाएं प्राप्त होनी चाहिए। इन सुविधाओं के अभाव में यहां के ग्रामीण क्षेत्र के लोग पलायन करने को मजबूर है। स्वास्थ्य के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवतापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना ईसा फाउन्डेशन का उद्देश्य है। इसके लिए संस्था द्वारा प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में कक्षा 9 के 500 से अधिक छात्र-छात्राओं को टैब आवंटित किए गए है।
बताया कि फाउंडेशन द्वारा प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता सुधार व संसाधन पूर्ण विद्यालयों के संचालन हेतु 11 सरकारी स्कूलों को गोद लिया गया है। इन स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर कर संस्था द्वारा अपने संसाधनों से शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है तथा इन विद्यालयों को अन्य संसाधन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
पौड़ी जिले में जीआईसी पौड़ी, जीआईसी थलीसैंण और जीजीआईसी घमण्डपुर कोटद्वार शामिल हैं। बताया कि संस्था द्वारा निकट भविष्य में पौड़ी में एक वैश्विक स्तरीय प्राइमरी से लेकर सीनियर सेकेंडरी तक का भव्य स्कूल खोलने की योजना बनाई गई है। इस मौके पर फाउंडेशन के प्रभारी बिमल नेगी आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह